टनल हादसे के बीच अनिल बलूनी की तत्परता, श्रमिकों की सुरक्षा और घायलों के इलाज को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

 

 

गोपेश्वर/पीपलकोटी। गढ़वाल लोक सभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने आज चमोली के पीपलकोटी स्थित आपदा प्रभावित टनल में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति एवं टनल में फंसे श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली।

टनल में फंसे कई श्रमिकों को कल ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। शेष श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी है। सांसद श्री बलूनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक तकनीकी एवं मानवीय सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

इसके उपरांत सांसद श्री बलूनी ने गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर आपदा प्रभावित टनल से रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों का कुशल-क्षेम जाना और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

 

श्री बलूनी ने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने दवाइयों, आवश्यक जांच, भोजन तथा अन्य चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

 

सांसद ने कहा कि घायल श्रमिकों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिजनों की आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।

इस दुःखद हादसे में जिन श्रमिकों का निधन हुआ है, उनके प्रति सांसद श्री अनिल बलूनी ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन एवं दुःखद घड़ी में वे शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने भगवान बद्री विशाल से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 

श्री बलूनी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन और संबंधित सभी एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा और श्रमिकों की सुरक्षा एवं उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *