गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी बोले- राहुल गांधी और कांग्रेस समझें, लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि है

गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की श्रीनगर विधानसभा में आज आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पदयात्रा के दौरान पूरा श्रीनगर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारों से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी ने कहा कि यह पदयात्रा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की राजनीति को स्पष्ट संदेश देती है कि अराजकता फैलाकर, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर और जनता को गुमराह करके लोकतंत्र में विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी और कांग्रेस को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि है।
श्री बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जानी जाती है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता अपने विवेक और जनादेश के माध्यम से राजनीतिक दलों के कार्यों, विचारों और नीतियों का मूल्यांकन करेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच अपनी बात रखता रहेगा। जनभागीदारी, लोकतांत्रिक संवाद और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ भाजपा निरंतर कार्य करती रहेगी।
